खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण, दिए निर्देश

रुद्रप्रयाग। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में 18 सितंबर को जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता को लेकर औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पायल सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बाजार क्षेत्र के होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनोज सेमवाल और खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण, रसोई की स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वच्छता, पेयजल, एफएसएसएआई लाइसेंस और पैकेजिंग-लेबलिंग की जांच की। कुछ प्रतिष्ठानों में कमियां मिलने पर संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने नियमित निगरानी और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
