जनपद में खनन सत्र 2026-27 की प्रक्रिया शुरू

हरिद्वार। शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार में खनन सत्र 2026-27 की खनन संक्रियाएं 1 अक्टूबर से प्रारंभ कर दी गई हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने 30 सितंबर को इस संबंध में आदेश जारी किए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राजस्व हित को ध्यान में रखते हुए सभी खनन संक्रियाएं निर्धारित समय पर शुरू कराने और कार्यों में किसी प्रकार का विलंब न करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि खनन प्रक्रिया के दौरान नियमों और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नैनीताल उच्च न्यायालय और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी), नई दिल्ली द्वारा पारित आदेशों का पूर्ण अनुपालन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों को खनन गतिविधियों की निगरानी के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
