जौनसार-बावर में धूमधाम से मनाया गया जागड़ा पर्व

देहरादून/कालसी। जनजातीय क्षेत्र जौनसार-बावर में आस्था और संस्कृति का प्रतीक जागड़ा पर्व हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। कालसी ब्लॉक के ग्राम थैना स्थित प्रसिद्ध महासू महाराज मंदिर, द्वितीय सिद्धपीठ, में हजारों श्रद्धालु देव दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह ढोल-दमाऊ और रणसिंगों की गूंज के बीच महासू महाराज की देव पालकी, डोरे और निशानों को विधि-विधान से देव स्रोत पर शाही स्नान कराया गया। स्नान के बाद देव चिह्नों और पालकी को मंदिर में स्थापित किया गया।
श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ आराध्य देव का स्वागत किया तथा परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक वेशभूषा में हारुल और तांदी नृत्य प्रस्तुत किया। रातभर भजन-कीर्तन और जागरण हुआ। श्रद्धालुओं ने देव पालकी को कंधा लगाकर पुण्य अर्जित किया और महासू महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
