हरिपुर-कालसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य तेज

देहरादून/कालसी। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-123 पर हरिपुर से कालसी तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुधार कार्य तेजी से चल रहा है। करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से सड़क किनारे बाइंडिंग सहित इंटरलॉकिंग टाइल लगाने का कार्य किया जा रहा है। निर्माण एजेंसी केके कंस्ट्रक्शन कंपनी, रुड़की द्वारा कार्य को गति दी जा रही है। श्मशान घाट के समीप सड़क चौड़ी होने से अंतिम संस्कार के दौरान वाहनों की पार्किंग और पैदल आवागमन के लिए अतिरिक्त स्थान मिलेगा, जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने कार्य को क्षेत्र की जरूरत बताते हुए खुशी जताई। संबंधित विभाग द्वारा निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
