ऋषिकुल एसोसिएशन की बैठक में स्वर्ण व रजत जयंती सम्मान का निर्णय

हरिद्वार। ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक अध्यक्ष प्रो. बी.के. अग्निहोत्री की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यों के सम्मान, आगामी कार्यक्रमों, सामाजिक गतिविधियों और आर्थिक सुदृढ़ीकरण को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
निर्णय लिया गया कि वर्ष 1976 में स्नातक हुए सदस्यों को 50 वर्ष पूर्ण होने पर ‘स्वर्ण जयंती सम्मान’ तथा संगठन से जुड़ाव के 25 वर्ष पूरे करने वाले सदस्यों को ‘रजत जयंती सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। वरिष्ठ एवं संस्था के विकास में विशेष योगदान देने वाले सदस्यों को भी सम्मानित किया जाएगा। ।ब्च् की तर्ज पर 8, 16 और 25 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले पात्र सदस्यों को प्रशस्ति-पत्र देने पर भी विचार हुआ। एसोसिएशन को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए आजीवन सदस्यता बढ़ाने और प्रत्येक कार्यकारिणी सदस्य से कम से कम 10 नए सदस्य जोड़ने का निर्णय लिया गया। सुविधा-संपन्न सदस्यों से स्वैच्छिक सहयोग लेकर निधि तैयार करने का सुझाव भी रखा गया।
