इंजीनियर दिवस पर अभियंताओं ने राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया याद

उत्तरकाशी। जिला कलेक्ट्रेट परिसर के ऑडिटोरियम हॉल में डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के तत्वावधान में भारत रत्न डॉ. एम. विश्वेश्वरैया की जयंती एवं अभियंता दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने डॉ. विश्वेश्वरैया को श्रद्धासुमन अर्पित कर अभियंताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवा अभियंताओं से नवाचार और रचनात्मक दृष्टिकोण अपनाकर तकनीक को समाजोपयोगी बनाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट ने कहा कि विश्वेश्वरैया का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि आधारभूत ढांचे से लेकर डिजिटल तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अंतरिक्ष और ऊर्जा तक अभियंताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम में लोनिवि ईई डीसी नौटियाल, सिंचाई ईई सचिन सिंघल, आरडब्ल्यूडी ईई योगेश कुमार सहित अधिकारी मौजूद रहे।
