छात्र संघ चुनावों में छात्राओं को मिलेगा 50 फीसदी प्रतिनिधित्व

देहरादून। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य के राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में छात्र संघ चुनावों में छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। उन्होंने कुलपतियों को छात्र संघ एवं छात्र परिषदों के मौजूदा ढांचे में संशोधन कर तीन दिन के भीतर शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। वर्तमान में उच्च शिक्षण संस्थानों में 65 फीसदी से अधिक छात्राएं अध्ययनरत हैं।
वर्चुअल समीक्षा बैठक में डॉ. रावत ने कहा कि छात्राओं की भागीदारी बढ़ने से उनकी समस्याओं और सुझावों को प्रभावी मंच मिलेगा तथा महिला नेतृत्व को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने छात्र संघ चुनावों की तिथियां शीघ्र घोषित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में उन्होंने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक शिक्षण संस्थानों में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने के निर्देश दिए। अभियान में विकसित भारत पर भाषण, चित्रकला व निबंध प्रतियोगिताएं, युवा संवाद, वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान आयोजित किए जाएंगे। विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
