ब्लाइंड मर्डर का 12 घंटे में खुलासा, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की थी पति की हत्या

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मंडुवाला-डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में मिले 38 वर्षीय मदन मुखिया के शव के मामले का दून पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी मीना ने अपने प्रेमी लल्लन शर्मा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। दोनों का करीब तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि मदन को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई थी और उसने उन्हें जान से मारने तथा रिश्ते की जानकारी लोगों को देने की धमकी दी थी। इसके बाद दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत मीना शराब पिलाने के बहाने मदन को मंडुवाला के जंगल में ले गई। वहां नशे की हालत में लल्लन भी पहुंच गया। दोनों ने धारदार चाकू से मदन की गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को खाई में फेंक दिया। चाकू झाड़ियों में छिपा दिया गया। घटना के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, मजदूरों के सत्यापन और मुखबिर तंत्र के माध्यम से जांच शुरू की। पुलिस ने लल्लन शर्मा को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर मीना को भी गिरफ्तार किया गया तथा हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
