उत्साह के साथ मनाया गया लोकपर्व इगास, मुख्यमंत्री ने भैलो खेलकर निभाई लोक परंपरा


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में लोकपर्व इगास की पूर्व संध्या  पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं पूरे उत्साह के साथ इगास पर्व मनाया तथा पारंपरिक रूप से भैलो खेलकर उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक परंपराओं का निर्वहन किया। कार्यक्रम में लोक संस्कृति, परंपरा और पहाड़ की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इगास उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, आस्था, परंपरा और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपनी जड़ों, अपनी मिट्टी और अपने पूर्वजों की गौरवशाली विरासत से जोड़ता है। उत्तराखण्ड के लोकपर्व केवल उत्सव मनाने के अवसर नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से हमारी सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक एकजुटता और पारंपरिक जीवन मूल्यों की अभिव्यक्ति होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की संस्कृति अत्यंत समृद्ध और विविधतापूर्ण है। यहां के लोकपर्व, लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक खानपान, वेशभूषा और रीति-रिवाज हमारी विशिष्ट पहचान हैं। इगास पर्व भी इसी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भैलो खेलने की परंपरा, सामूहिक रूप से लोकगीत गाना और पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से खुशियां बांटना हमारी लोक संस्कृति की जीवंतता को दर्शाता है। इन परंपराओं में केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे, सहयोग और सामूहिकता का भाव भी निहित है।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विभिन्न विधायकगण, अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!