पुलिस का ‘ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’, 18 शराबी वाहन चालक गिरफ्तार

देहरादून। सप्ताहांत के दौरान अपराध एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई के लिए दून पुलिस ने नगर से देहात तक व्यापक ‘ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’ चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने 3-4 अक्टूबर की रात होटल, बार, पब और रेस्टोरेंट समेत विभिन्न स्थानों पर औचक चेकिंग की। अभियान के दौरान 1809 वाहनों की जांच की गई और 1900 से अधिक लोगों से पूछताछ हुई।
पुलिस ने 35 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर पूछताछ एवं सत्यापन की कार्रवाई की तथा 81 पुलिस एक्ट में चालान किए। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 18 वाहन चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए गए। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 30 वाहन चालकों के एमवी एक्ट में चालान कर 16 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा 65 वाहन चालकों के न्यायालय के चालान किए गए तथा 23 वाहनों को सीज किया गया। पुलिस ने बताया कि अभियान का उद्देश्य रात्रि में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
