बिना लाइसेंस मांस कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई, तीन हिरासत में

विकासनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर कोतवाली विकासनगर पुलिस ने रविवार को मांस की दुकानों और प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण एवं सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने बिना वैध लाइसेंस और अनुमति के मांस की बिक्री व भंडारण करने के आरोप में तीन लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान रईस (36), इसरार (50) और जीशान (40), निवासी कुरैशी मोहल्ला जीवनगढ़ के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने क्षेत्र के अन्य मांस विक्रेताओं को भी वैध लाइसेंस और आवश्यक अनुमति के बिना कारोबार न करने की चेतावनी दी। कार्रवाई टीम में उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह, कांस्टेबल दिनेश बाबू और पदम सिंह शामिल रहे।
