बैडमिंटन प्रतियोगिता में डीएवी देहरादून पुरुष टीम चैंपियन

टिहरी। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय महिला एवं पुरुष बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन एसआरटी परिसर बादशाही थौल की ओर से नई टिहरी के बहुउद्देशीय भवन में किया गया। पुरुष टीम वर्ग में डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून ने चैंपियनशिप जीती, जबकि पुरुष एकल में श्रीनगर परिसर के प्रेरित ममगाईं विजेता बने।
पुरुष टीम फाइनल में श्रीनगर परिसर के खिलाड़ी के चोटिल होने के कारण डीएवी को वॉकओवर मिला। पुरुष एकल फाइनल में प्रेरित ममगाईं ने डीएवी के आकाश सजवान को 15-14 और 15-10 से हराया। महिला एकल वर्ग में आस्था बोरा ने स्मृति तिवारी को 15-13 और 15-10 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के आधार पर महिला वर्ग की पांच और पुरुष वर्ग की छह सदस्यीय टीमों का चयन नॉर्थ जोन प्रतियोगिता के लिए किया गया। महिला टीम रोहतक और पुरुष टीम जालंधर में आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेगी। समापन पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। आयोजक सचिव प्रो. केसी पेटवाल ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार जताया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय एवं विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापक, निर्णायक और खिलाड़ी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!