इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने की मांग, मेयर को सौंपा ज्ञापन

श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम श्रीनगर के कमलेश्वर बागवान वार्ड संख्या 26 के न्यू कमलेश्वर मोहल्ले में जर्जर सड़क की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने मेयर आरती भंडारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। मोहल्लावासियों ने बताया कि बारिश के दौरान गली में जलभराव और कीचड़ होने से आवागमन प्रभावित हो जाता है। गड्ढों और कीचड़ के कारण बुजुर्गों, बच्चों तथा दुपहिया वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। लोगों ने सड़क पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगवाने की मांग करते हुए कहा कि इससे जलभराव और कीचड़ की समस्या से स्थायी राहत मिल सकेगी। ज्ञापन देने वालों में शिव सिंह नेगी, जसपाल सिंह चौहान, गंभीर सिंह रौतेला, वीरेंद्र सिंह राणा और गोपाल सिंह रौतेला आदि शामिल रहे।
