जिला स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर

विकासनगर। द्रोण मार्शल आर्ट एंड स्पोर्ट्स अकादमी के तत्वावधान में सेपियंस स्कूल हरबर्टपुर में दो दिवसीय जिला स्तरीय कराटे प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय की निर्देशिका रश्मि गोयल एवं प्रधानाचार्या गीता नेगी ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में आशा गुसाईं व अदिति ने प्रस्तुति दी, जबकि मोनिका शर्मा के निर्देशन में छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। कमल छेत्री द्वारा तैयार स्वागत गीत ने भी समां बांधा।
प्रतियोगिता की शुरुआत सीनियर वर्ग के कुमिते मुकाबलों से हुई। विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। महिला वर्ग में अंडर-18 55 किग्रा में मैत्री बलोनी, 48 किग्रा में वैशाली तथा 66 किग्रा में सुहानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में 55 किग्रा में आदित्य छेत्री, जबकि 61 किग्रा वर्ग में प्रशांत त्रिपाठी और भूपिंदर सिंह विजेता रहे। काता वर्ग में पुरुष वर्ग से आदित्य छेत्री और महिला वर्ग से काव्या भंडारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में मार्शल आर्ट के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक दक्षता का विकास करना है।
