स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बन रहीं पहाड़ की महिलाएं, दूसरों को भी दे रहीं रोजगार


पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल और ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत पहाड़ की महिलाएं गांव में ही स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं अपनी आर्थिकी मजबूत करने के साथ अन्य महिलाओं के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार कर रही हैं।
पौड़ी विकासखंड के खांड़यूंसैंण की कलावती देवी इसका उदाहरण हैं। मां भगवती स्वयं सहायता समूह से जुड़ी कलावती को हिमोत्थान सोसाइटी से 20 हजार का अनुदान मिला, जिससे उन्होंने सिलाई मशीन खरीदी। आरसेटी से जूट बैग निर्माण का प्रशिक्षण लेकर वह सिलाई और ब्यूटी पार्लर का कार्य कर रही हैं। वर्तमान में उन्हें करीब 15 हजार मासिक आय हो रही है और एक महिला को रोजगार भी मिला है।
इसी तरह ग्राम गहड़ की रामेश्वरी देवी ने ग्राम दुकान शुरू कर मंडुवा, झंगोरा, पहाड़ी दाल, अचार, जैम और बद्री गाय का घी जैसे स्थानीय उत्पादों की बिक्री शुरू की है। इससे उन्हें प्रतिमाह 6-7 हजार की शुद्ध आय हो रही है। अधिकारियों के अनुसार महिलाओं को प्रशिक्षण, ऋण और आवश्यक सहयोग देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास लगातार जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!