महिला नेतृत्व का सम्मान, आत्मनिर्भरता की नई पहचान: भरत चौधरी

रुद्रप्रयाग। ग्रामीण विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी की अध्यक्षता में “महिला नेतृत्व का सम्मान, आत्मनिर्भरता की नई पहचान” विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को नेतृत्व, स्वरोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना रहा।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं समूह पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया तथा क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के चेक भी वितरित किए गए। विभिन्न विभागीय अधिकारियों ने महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के साथ स्वरोजगार, कौशल विकास, कृषि, उद्यमिता और आजीविका संवर्धन के अवसरों की जानकारी दी। मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि सरकार महिलाओं को योजनाओं का लाभार्थी ही नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता, उद्यमी और आत्मनिर्भर बनाना चाहती है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और महिलाओं की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला समूहों की पदाधिकारी मौजूद रहीं।
