समाधान दिवस में 140 जनसमस्याएं दर्ज, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें 140 फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में भूमि अतिक्रमण, नाले पर कब्जे से जलभराव, विधवा पेंशन के नाम पर ठगी, घरेलू हिंसा, संपत्ति विवाद, मुआवजा और विकास कार्यों में देरी से जुड़े मामले प्रमुख रहे। ग्राम पंचायत छरबा में बरसाती नाले और ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर डीएम ने तहसीलदार विकासनगर एवं जिला उद्योग केंद्र के प्रबंधक को मौके पर जाकर जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं पेंशन के नाम पर धन वसूली के मामले में पुलिस जांच के निर्देश दिए गए। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता न हो, बल्कि फरियादियों को वास्तविक राहत मिले और उन्हें अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

50 शिकायतें दर्ज, त्वरित समाधान के निर्देश
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में 50 शिकायतों की सुनवाई की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ता को देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि लोगों को वास्तविक राहत पहुंचाना है। जनता मिलन में आवारा पशुओं, लंबित विधवा पेंशन, श्मशान घाट के लिए भूमि, एंबुलेंस, झूलापुल की मरम्मत और पेयजल जैसी समस्याएं उठीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा प्रभावित परिसंपत्तियों के सुधारीकरण तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर कलवर्टों की सफाई को भी प्राथमिकता देने को कहा। पूर्व में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया। अधिकारियों को संवेदनशील, जवाबदेह और जनकेंद्रित कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का समाधान ही प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास मजबूत करता है।

74 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर हुआ निस्तारण
टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में लोगों ने 74 शिकायतें एवं मांग पत्र प्रस्तुत किए। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरण संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजे गए। शिकायतों में पुनर्वास, सड़क, प्रतिकर, पेंशन, पेयजल, आधार कार्ड, आवास, दिव्यांग प्रमाण पत्र, जंगली जानवर और नेटवर्क से संबंधित मामले शामिल रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने तथा लोगों को अनावश्यक रूप से जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने देने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा करने को भी कहा।
26 शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश
गोपेश्वर। जिला सभागार में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोगों ने 26 शिकायतें एवं समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर जांच कर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। जोशीमठ-मलारी सड़क भूमि अधिग्रहण के प्रतिकर, देवग्राम के परिवारों के विस्थापन, कल्पेश्वर मंदिर की सुरक्षा, नाली निर्माण, विद्युत संयोजन और भूमि विवाद से जुड़े मामले प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए।
