मुख्यमंत्री को महिलाओं ने बांधा रक्षा सूत्र, 28 व 29 को बसों में निःशुल्क यात्रा


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनता मिलन के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने रक्षा सूत्र बांधा तथा उनके दीर्घायु की कामना की। मुख्यमंत्री ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए रक्षा बन्धन की शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षा बन्धन के अवसर पर बहनों की सुविधा के लिए 28 और 29 अगस्त, 2026 को दो दिन परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सामाजिक और संवैधानिक अधिकारों के प्रति भी सशक्त किया जा रहा है। राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।


रक्षाबंधन समारोह में शामिल हुए डॉ. धन सिंह रावत

पौड़ी। भाजपा महिला मोर्चा पाबौ की ओर से आयोजित रक्षाबंधन समारोह में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत शामिल हुए। क्षेत्र की बहनों ने उन्हें राखी बांधकर दीर्घ एवं मंगलमय जीवन की कामना की। डॉ. रावत ने रक्षाबंधन को प्रेम, विश्वास, स्नेह और सामाजिक समरसता का पर्व बताते हुए सभी बहनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति को सदैव सम्मान प्राप्त रहा है और महिलाएं सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम में राज्य मंत्री कुसुम कंडवाल एवं राजेंद्र अन्थवाल ने भी संबोधित किया। इस दौरान महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!