विधायक ने तुंगडुंडा-भैंसवाड़ा मोटर मार्ग का किया लोकार्पण

पौड़ी। विकासखंड पाबौ में सोमवार को विधायक राजकुमार पोरी ने तुंगडुंडा-भैंसवाड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का लोकार्पण किया। करीब पांच किलोमीटर लंबे मार्ग के डामरीकरण पर 324.26 लाख रुपये की लागत आई है। मार्ग के सुधारीकरण से भैंसवाड़ा, तुंगडुंडा, सिर्किल, कलुण सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। विधायक ने कहा कि बेहतर सड़क सुविधा क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण आधारभूत कड़ी है। डामरीकरण से ग्रामीणों को आवागमन के साथ कृषि उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक गांव को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ने के साथ मौजूदा मार्गों के सुधारीकरण को भी प्राथमिकता दे रही है।
