नेशनल चैंपियनशिप में गोपेश्वर के खिलाड़ियों का जलवा

गोपेश्वर। बैंगलोर में आयोजित केवी ताइक्वांडो नेशनल चैंपियनशिप में गोपेश्वर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड का नाम रोशन किया। बालक वर्ग में श्रेय किमोठी ने कांस्य पदक हासिल किया, जबकि बालिका वर्ग में कु. हिफजा नूर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। 15 से 19 अगस्त तक आयोजित प्रतियोगिता में हिफजा ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उनका चयन एसजीएफआई चौंपियनशिप के लिए भी हुआ है, जिसमें वह अक्टूबर में हिमाचल प्रदेश में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। जनपद लौटने पर जिला ताइक्वांडो समिति ने दोनों खिलाड़ियों का स्वागत कर उन्हें बधाई दी।
