मणिमाई मंदिर के पास भीषण सड़क हादसा, चार की मौत, पांच घायल

देहरादून। डोईवाला क्षेत्र में प्रसिद्ध मणिमाई मंदिर के पास बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस और 108 एंबुलेंस की मदद से अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह देहरादून की ओर से एक पिकअप वाहन जा रहा था। मणिमाई मंदिर के पास अचानक उसका पिछला पहिया निकल गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे डिवाइडर से जा टकराया। इसी दौरान पीछे से आ रही इको कार पिकअप से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में इको वाहन में आगे बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली डोईवाला और हर्रावाला चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या चार हो गई। पुलिस के अनुसार घायलों में से तीन को सीएचसी डोईवाला, दो को हिमालयन अस्पताल तथा अन्य घायलों को देहरादून के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर करीब एक घंटे बाद यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिकअप चालक हादसे के बाद मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
