पर्यावरण सखियों को मिला कचरा संग्रहण वाहन, गांवों में मजबूत होगी स्वच्छता व्यवस्था

देहरादून। विकासखंड रायपुर में एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग से वेस्ट वॉरियर्स द्वारा संचालित वेस्ट नो मॉर इन देहरादून परियोजना के तहत 16 ग्राम पंचायतों में पर्यावरण सखी मॉडल से कचरा प्रबंधन किया जा रहा है। इसी क्रम में पर्यावरण सखियों को नया कचरा संग्रहण वाहन उपलब्ध कराया गया। इससे घर-घर कचरा संग्रहण और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
पर्यावरण सखी समूह में 10 स्थानीय महिलाएं शामिल हैं, जो घरों से सूखा कचरा एकत्र कर धनौला स्थित केंद्र तक पहुंचाती हैं। यहां कचरे को 18 से 20 श्रेणियों में अलग-अलग किया जाता है। नए वाहन से अधिक घरों तक नियमित कचरा संग्रहण सेवा पहुंचाने में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अपर्णा बहुगुणा की अध्यक्षता में बैठक हुई। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पर्यावरण सखियों के कार्य की सराहना करते हुए वाहन को ग्रामीण स्वच्छता और बेहतर कचरा प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
