सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का खाका तैयार

देहरादून। उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना की पहल पर सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर बैठक आयोजित की गई। सचिव शहरी विकास नितेश कुमार झा की अध्यक्षता में हुई बैठक में नए स्थायी पद सृजित करने, रिक्त पदों पर भर्ती और 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों के विनियमितीकरण पर चर्चा हुई।
आयोग ने आउटसोर्स कर्मचारियों को समान वेतन, ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने, कल्याण कोष स्थापित करने, आवास एवं भूमि उपलब्ध कराने तथा कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा देने की मांग रखी। सचिव ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा और कल्याण सरकार की प्राथमिकता है। आउटसोर्स कर्मचारियों को निर्धारित वेतन दिलाने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक कर्मचारी को ईएसआई, पीएफ और गोल्डन कार्ड की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए समिति गठित करने तथा अगले तीन माह में विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही साल में कम से कम एक बार स्वास्थ्य परीक्षण कराने और जल्द कल्याण कोष स्थापित करने की बात कही गई।
