निर्माण कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश


हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए मेला प्रशासन द्वारा अवस्थापना विकास कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने बुधवार को बैरागी कैंप, दक्षद्वीप एवं कनखल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा कराए जा रहे सड़क, पुल, सौंदर्यीकरण एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए।
कनखल क्षेत्र में एचआरडीए के फसाड एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए मेलाधिकारी ने प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे, ऐसे में प्रमुख मार्गों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करना आवश्यक है।
उन्होंने आईरिस सेतु से बैरागी कैंप, विश्व कल्याण आश्रम एवं मातृ सदन आश्रम होते हुए ज्वालापुर-लक्सर-पुरकाजी राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाले करीब 6.74 किलोमीटर मार्ग के नवीनीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। इस योजना के लिए 391.32 लाख रुपये स्वीकृत हैं। उन्होंने फुटपाथ को उचित ऊंचाई पर बनाने, अतिक्रमण हटाने तथा सड़क किनारे पौधरोपण एवं सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए।
बैरागी कैंप-दक्षद्वीप के मध्य निर्माणाधीन डबल लेन पुल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी और गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। वहीं जगजीतपुर फ्लाईओवर से दक्षद्वीप पार्किंग को हरिद्वार बाईपास की सर्विस लेन से जोड़ने के लिए प्रस्तावित 44 मीटर अस्थायी पुल की जानकारी लेते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं और वाहनों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मेलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए कुंभ से पहले सड़क, पुल, पार्किंग और यातायात से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन मिल सके।


कुंभ मेला तैयारियों के तहत सड़कों और बस अड्डों के सुदृढ़ीकरण कार्यों में तेजी

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार से जुड़े प्रमुख मार्गों, बस अड्डों और परिवहन सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी क्रम में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने बुधवार को लक्सर, रुड़की एवं मंगलौर क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न सड़क एवं बस अड्डा निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए।
रुड़की और मंगलौर में बस स्टैंड के नवीनीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कुंभ मेला मद से रुड़की में 100 लाख और मंगलौर में 69.89 लाख रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत हैं। अपर मेलाधिकारी ने दोनों कार्य अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बस अड्डों पर स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल और यात्रियों की अन्य आवश्यक सुविधाएं बेहतर करने के साथ सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया। निर्माण सामग्री के नमूने तृतीय पक्ष जांच के लिए लिए गए। इसके बाद उन्होंने पंतजली योगपीठ से सहदेवपुर-दीनारपुर-सुभाषगढ़ होते हुए फेरूपुर तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। सड़क की खुदाई कर निर्माण सामग्री, परतों की मोटाई और चौड़ाई की जांच कराई गई। दीनारपुर नाले पर निर्माणाधीन आरसीसी पुल की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!