82 वर्षीय कलम सिंह रावत ने लिया देहदान का संकल्प

श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी के कीर्तिनगर ब्लॉक निवासी 82 वर्षीय कलम सिंह रावत ने राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में देहदान का पंजीकरण कराकर समाज के लिए प्रेरणादायी मिसाल पेश की। उन्होंने परिवार की सहमति से मेडिकल कॉलेज पहुंचकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल द्विवेदी ने उन्हें देहदान परिचय पत्र प्रदान किया। प्राचार्य डॉ. सीएमएस रावत ने उनके संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि देहदान महादान है और इससे चिकित्सा शिक्षा को महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है। कलम सिंह रावत ने कहा कि उनकी इच्छा है कि मृत्यु के बाद भी उनका शरीर चिकित्सा विद्यार्थियों के अध्ययन और संभव होने पर जरूरतमंदों के काम आए। उन्होंने अन्य लोगों से भी देहदान के प्रति जागरूक होने की अपील की।
