रुद्रप्रयाग में मॉक अभ्यास से परखी आपदा प्रबंधन तैयारियां

रुद्रप्रयाग। आपदा के दौरान त्वरित एवं प्रभावी राहत-बचाव सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन के निर्देशन में आर्मी की 8 सिख लाइट इन्फेंट्री, डीडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस एवं 108 एंबुलेंस ने संयुक्त मॉक अभ्यास किया। अभ्यास में जीएमवीएन लाटा बाबा के समीप पहाड़ी से मलबा व बोल्डर आने की सूचना पर रेस्क्यू टीमों की प्रतिक्रिया, घटनास्थल तक पहुंचने, प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने और प्राथमिक उपचार देने की प्रक्रिया परखी गई। साथ ही विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, सूचना आदान-प्रदान और रेस्क्यू उपकरणों की उपलब्धता का परीक्षण किया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने कहा कि अभ्यास से कमियों को चिन्हित कर वास्तविक आपदा के दौरान बेहतर रिस्पांस सुनिश्चित किया जा सकेगा।
