टिहरी झील में 15 दिवसीय जल क्रीड़ा प्रशिक्षण सम्पन्न

टिहरी। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से टिहरी झील में आयोजित 15 दिवसीय जल क्रीड़ा प्रशिक्षण बुधवार को सम्पन्न हुआ। राष्ट्रीय जल क्रीड़ा संस्थान गोवा के सहयोग से 5 से 19 अगस्त तक आयोजित प्रशिक्षण में प्रदेश के सभी जिलों से चयनित 20 युवाओं ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जीवन रक्षक तकनीक, पावर बोट हैंडलिंग, टिलर संचालन और वाटर स्कीइंग का प्रशिक्षण दिया गया। सफल प्रशिक्षुओं को राष्ट्रीय जल क्रीड़ा संस्थान गोवा की ओर से प्रमाणित लाइसेंस प्रदान किया जाएगा, जो भारत के साथ मध्य-पूर्व क्षेत्र में भी मान्य होगा। अधिकारियों ने कहा कि प्रशिक्षण से युवाओं के लिए जल क्रीड़ा क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
