ग्रामोत्थान परियोजना से भैंसकोटी की महिलाओं ने खड़ी की बेकरी, आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ीं


टिहरी। विकासखंड थौलधार के ग्राम भैंसकोटी की सात महिलाओं ने ग्रामोत्थान परियोजना का लाभ लेकर बेकरी उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। राजेश्वरी सकलानी, गीता भट्ट, आशा देवी, रजनी, अनीता, विशिला देवी और शकुन्तला देवी दिव्य ग्राम संगठन से जुड़कर जनवरी 2026 से बेकरी का संचालन कर रही हैं।
शिवालय, संतोषी और लक्ष्मी स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को परियोजना के तहत आर्थिक सहायता और मार्गदर्शन मिला। संगठन को छह लाख रुपये की परियोजना सहायता, तीन लाख रुपये बैंक ऋण और एक लाख रुपये स्वयं के अंशदान से कुल 10 लाख रुपये की लागत से उद्यम स्थापित किया गया। महिलाओं ने मंडुवा, आटा और मशरूम बिस्किट के साथ फैन, बन, ब्रेड और केक जैसे उत्पाद तैयार करने शुरू किए हैं। इनकी बिक्री थौलधार, कमांद, कांडीखाल और टिहरी के बाजारों में की जा रही है। उद्यम से महिलाओं को प्रतिमाह करीब 50 से 60 हजार रुपये की आय हो रही है, जिसमें 30 से 40 हजार रुपये तक शुद्ध लाभ है। परियोजना प्रभारी ज्योति ने कहा कि महिलाओं को स्थानीय संसाधनों के अनुरूप स्वरोजगार से जोड़ना परियोजना का उद्देश्य है। महिलाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और ग्रामोत्थान परियोजना का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!