राफ्टिंग सीजन की तैयारियों को लेकर डीएम ने ली प्रबंधन समिति की बैठक

टिहरी। आगामी राफ्टिंग सीजन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की बैठक हुई। बैठक में राफ्टिंग संचालन के नियमों, पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा और राफ्टिंग स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद में वर्तमान में ’’265 राफ्टिंग फर्म पंजीकृत हैं और 576 राफ्ट उपलब्ध हैं।’’
बैठक में कुड़ियाला, मरीन ड्राइव, शिवपुरी, ब्रह्मपुरी सहित विभिन्न पुट-इन एवं पुल-आउट प्वाइंट पर क्षतिग्रस्त पैदल मार्गों की मरम्मत, शौचालय, चेंजिंग रूम, पार्किंग और स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। समिति की आय बढ़ाने तथा पर्यटक सुविधा शुल्क और वन विभाग के शुल्क से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। जिलाधिकारी ने राफ्टिंग संचालकों को आपसी समन्वय बनाए रखने और विवादों का संवाद से समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित एवं उचित दरों पर सहमति बनाने तथा पर्यटकों की सुरक्षा और बेहतर अनुभव को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने को कहा।
