बीटीकेआईटी द्वाराहाट में एआई और रोबोटिक्स के नए बीटेक पाठ्यक्रम होंगे शुरू

देहरादून। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय के बीटीकेआईटी द्वाराहाट परिसर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से ’’आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग तथा रोबोटिक्स’’ के नए बीटेक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दोनों पाठ्यक्रमों के संचालन को मंजूरी प्रदान कर दी है। दोनों पाठ्यक्रम स्व-वित्त पोषित माध्यम से संचालित होंगे तथा प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
डॉ. रावत ने कहा कि एआई, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स जैसे आधुनिक क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसी को देखते हुए राज्य के तकनीकी संस्थानों में रोजगारपरक एवं अत्याधुनिक पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों पाठ्यक्रमों के लिए उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की प्रशासकीय परिषद और एआईसीटीई से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य तकनीकी संस्थानों में जल्द ’’एआई, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स, क्वांटम कंप्यूटिंग, बायोटेक, सेमीकंडक्टर और फुल-स्टैक डेवलपमेंट’’ जैसे पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। इससे युवाओं को प्रदेश में ही आधुनिक तकनीकी शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।
