तूना-बौंठा मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण कार्य का शुभारंभ

रुद्रप्रयाग। धनपुर क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने तूना-बौंठा मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण कार्य का शुभारंभ किया। करीब ’’1.85 करोड़ रुपये की लागत से 10 किलोमीटर मार्ग’’ का सुधारीकरण किया जाएगा। यह मार्ग धनपुर क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों को जोड़ता है और लंबे समय से इसके सुधारीकरण की मांग की जा रही थी।
मंत्री ने कहा कि तकनीकी अड़चनों के समाधान के बाद शासन से धनराशि स्वीकृत कर कार्य शुरू कराया गया है। नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले करीब 1.5 किलोमीटर हिस्से में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि पुनाड़ सड़क को पीएमजीएसवाई फेज-4 में स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि जयमंडी सड़क के डामरीकरण के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि रुद्रप्रयाग में ड्रेनेज सिस्टम के लिए ’’107 करोड़ रुपये की डीपीआर’’ शासन को भेजी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
