बद्रीनाथ और केदारनाथ में अब तक 30.62 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन


रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि तीर्थयात्रियों को सरल, सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराना समिति की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। मानसून के बावजूद चारधाम यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है। 10 अगस्त 2026 तक बदरीनाथ एवं केदारनाथ धाम में 30 लाख 62 हजार 228 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें बदरीनाथ में 16,12,112 और केदारनाथ में 14,50,116 श्रद्धालु शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसरों, पैदल मार्गों, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं एवं यात्री विश्राम गृहों में व्यवस्थाएं मजबूत की गई हैं। सीसीटीवी से लगातार निगरानी की जा रही है तथा तीर्थ पुरोहितों, हक-हकूकधारियों और प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखा जा रहा है। दोनों धामों से समिति को अब तक 74.50 करोड़ रुपये से अधिक की आय प्राप्त हुई है। बीकेटीसी अध्यक्ष ने बताया कि ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के कोठा भवन और तुंगनाथ मंदिर के जीर्णाेद्धार कार्य जारी हैं। त्रियुगीनारायण को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य चल रहा है। मानसून के बाद यात्रा के द्वितीय चरण के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!