बदरीनाथ धाम में अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार, तीन युवकों पर भी कार्रवाई

चमोली। चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ धाम की पवित्रता और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे ’’ऑपरेशन प्रहार’’ के तहत कोतवाली बद्रीनाथ पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की। पुलिस ने भृगुधारा गुफा मार्ग पर चेकिंग के दौरान 75 वर्षीय सुरेंद्र सिंह निवासी भृगुधारा को 25 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, मंदिर परिसर के समीप पंजाब के तीन युवक सार्वजनिक स्थान पर असभ्य एवं अशोभनीय हरकतें करते पाए गए। श्रद्धालुओं की आस्था और धाम की गरिमा को देखते हुए पुलिस उन्हें कोतवाली ले गई और पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की। चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत चारधाम यात्रा के दौरान अवैध गतिविधियों और धाम की गरिमा भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
