बुद्धा पार्क में हंगामा कर रहे तीन युवक गिरफ्तार

कोटद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत कोटद्वार पुलिस ने बुद्धा पार्क में आपस में मारपीट कर शांति व्यवस्था भंग करने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची, जहां तीनों युवक विवाद और मारपीट कर रहे थे। समझाने के बावजूद जब वे नहीं माने तो पुलिस ने किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों में 22 वर्षीय दीपक, 22 वर्षीय उदय कुमार और 19 वर्षीय ऋषभ खत्री शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
