पुलिस ने किया दुकान में चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार


देहरादून। विकासनगर पुलिस ने परचून की दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान, 990 रुपये नकद तथा डीवीआर हार्ड डिस्क बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक 31 जुलाई की रात पश्चिमीवाला निवासी राजेश ठाकुर की परचून की दुकान की छत की चादर उखाड़कर अज्ञात चोर सामान और नकदी चोरी कर ले गए थे। शिकायत के आधार पर विकासनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके बाद बुलाकीवाला कुर्बानी स्थल के पास से आरोपी इमरान (25) निवासी बुलाकीवाला को चोरी के सामान और नकदी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!