सड़क हादसे में दो कांवड़ियों की मौत, शव गंगनहर में फेंकने वाले चालक और मौसेरे भाई गिरफ्तार


देहरादून। दून पुलिस ने सड़क दुर्घटना में दो कांवड़ियों की मौत के मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए वाहन चालक और उसके मौसेरे भाई को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि हादसे के बाद एक घायल की मौत होने पर दोनों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गंगनहर में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई को हरियाणा निवासी दीपक राठी ने अपने पिता प्रदीप राठी की गुमशुदगी रायवाला थाने में दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो पता चला कि 26 जुलाई की सुबह रायवाला क्षेत्र में एक मैक्स वाहन ने दो कांवड़ियों को टक्कर मारी थी। हादसे में राजस्थान निवासी सत्यनारायण की उपचार के दौरान मौत हो गई थी, जबकि दूसरे घायल की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में सीसीटीवी फुटेज देखकर परिजनों ने दूसरे व्यक्ति की पहचान प्रदीप राठी के रूप में की। लगातार जांच और सीसीटीवी विश्लेषण के आधार पर पुलिस वाहन चालक रविन्द्र सिंह नेगी तक पहुंची। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि झपकी आने से उसकी मैक्स (यूके-02-टीए-1488) कांवड़ियों से टकरा गई। एक घायल वाहन में फंसकर कुछ दूर तक घसीटता चला गया। चालक उसे अस्पताल ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। घबराकर उसने अपने मौसेरे भाई सौरभ सिंह पंवार को बुलाया और दोनों ने शव को प्लास्टिक तिरपाल में लपेटकर रुड़की क्षेत्र में आसफनगर झाल के पास गंगनहर में फेंक दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मैक्स वाहन, तिरपाल और मैट बरामद कर लिया है। मृतक प्रदीप राठी के शव की तलाश के लिए गंगनहर क्षेत्र में पुलिस की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!