कांवड़ यात्रा के तीसरे दिन उमड़ा आस्था का सैलाब, 20.25 लाख शिवभक्त गंगाजल लेकर रवाना


हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के तीसरे दिन हरिद्वार में आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ा। मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम के अनुसार शनिवार को 20 लाख 25 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। यात्रा शुरू होने से अब तक कुल 45 लाख 35 हजार श्रद्धालु गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों की ओर प्रस्थान कर चुके हैं।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया है। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों तथा संवेदनशील स्थलों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की लगातार निगरानी बनी हुई है। प्रशासन ने शिवभक्तों से निर्धारित मार्गों का पालन करने, पुलिस एवं प्रशासन के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने तथा स्वच्छ और सुरक्षित कांवड़ यात्रा के संचालन में सहयोग देने की अपील की है। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा सभी विभाग समन्वय के साथ निरंतर सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।


63 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, लिए सैंपल

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान चलाकर 63 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि दो टीमों ने 65 खाद्य नमूनों की मौके पर जांच की, जिनमें सात खाद्य पदार्थ अधोमानक पाए जाने पर नष्ट करा दिए गए। मसाले, दूध एवं दुग्ध उत्पादों के पांच नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए। मानकों का पालन न करने पर पांच कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए। दूसरी टीम ने एक कन्फेक्शनरी में बिक्री के लिए रखी सात एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक बोतलें नष्ट कराईं तथा बिना लाइसेंस व्यापार और एक्सपायरी उत्पाद बेचने के मामले में न्यायालय में वाद दायर करने की संस्तुति की।


19 हजार से अधिक शिवभक्तों का निशुल्क उपचार

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने शिवभक्तों के लिए 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि यात्रा के तीसरे दिन 11,508 श्रद्धालुओं का निशुल्क उपचार किया गया, जबकि अब तक कुल 19,066 शिवभक्तों को चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा चुकी है। पहली बार चार मेडिकल मोबाइल यूनिट भी सेवा में लगाई गई हैं, जो यात्रा मार्ग पर तत्काल उपचार उपलब्ध करा रही हैं।


सार्वजनिक शौचालयों में यूरिनल सुविधा निःशुल्क

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम हरिद्वार ने व्यापक स्वच्छता व्यवस्थाएं की हैं। मेला क्षेत्र में 180 अस्थायी और 120 एफआरपी शौचालय स्थापित किए गए हैं। बैरागी कैंप, पंतद्वीप, जटवाड़ा पुल सहित प्रमुख स्थलों पर भी पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था की गई है। नगर निगम ने सभी सार्वजनिक शौचालयों में यूरिनल (मूत्रालय) का उपयोग पूरी तरह निःशुल्क किया है और इसकी जानकारी वाले स्टिकर भी लगाए गए हैं। हरकी पैड़ी स्थित सुलभ शौचालय के अस्थायी रूप से बंद रहने पर निगम ने स्पष्ट किया कि सफाई और तकनीकी कार्य के कारण इसे कुछ समय के लिए बंद किया गया था, जिसे कार्य पूरा होते ही पुनः खोल दिया गया।


घाटों पर स्वच्छता दूत चला रहे जागरूकता अभियान

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान गंगा घाटों की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने के लिए नगर निगम हरिद्वार ने श्स्वच्छता दूतश् अभियान शुरू किया है। नगर आयुक्त के निर्देश पर तैनात स्वच्छता दूत मेगाफोन के माध्यम से श्रद्धालुओं को कूड़ा केवल कूड़ेदानों में डालने, गंगा में प्लास्टिक, पॉलिथीन, बोतल और अन्य अपशिष्ट न फेंकने तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक से बचने के लिए लगातार जागरूक कर रहे हैं। भंडारों के बाद पत्तल, दोने और अन्य कचरे का उचित निस्तारण करने की भी अपील की जा रही है।


एसएसपी ने कांवड़ मेला व्यवस्थाओं का लिया जायजा

टिहरी गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने मुनि की रेती क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात पुलिसकर्मियों और एसपीओ से संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने एसपीओ को टी-शर्ट, टोपी और पहचान पत्र वितरित किए तथा श्रद्धालुओं को फल, जूस और पेयजल उपलब्ध कराते हुए सुरक्षित व अनुशासित यात्रा की अपील की। उन्होंने खोया-पाया केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


एडीएम ने कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

टिहरी। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने कांवड़ यात्रा-2026 के तहत यात्रा मार्ग और विभिन्न कांवड़ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात और विद्युत सुरक्षा कार्यों का जायजा लिया गया। एडीएम ने खोया-पाया केंद्र का भी निरीक्षण किया, जहां अब तक दर्ज सभी 12 गुमशुदगी के मामलों का सफल निस्तारण कर श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से मिलाया गया।

यात्रा व्यवस्थाओं पर प्रशासन की कड़ी निगरानी

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में नीलकंठ कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। यात्रा मार्ग पर स्वच्छता, पार्किंग, यातायात, पेयजल, चिकित्सा और विद्युत व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। जिला पंचायत ने 50 सफाई कर्मियों, चार कूड़ा वाहनों और 60 वाहन क्षमता वाली निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की है। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं और श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

नीलकंठ कांवड़ यात्रा में बम निरोधक दस्ते की कड़ी निगरानी

पौड़ी। नीलकंठ महादेव कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बम निरोधक दस्ता लगातार मुस्तैद है। मंदिर परिसर, पार्किंग, पैदल मार्गों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर प्रतिदिन एंटी सबोटाज चेकिंग और सुरक्षा निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस के साथ समन्वय बनाकर टीम हर गतिविधि पर नजर रख रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी लावारिस वस्तु, संदिग्ध बैग, वाहन या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या कंट्रोल रूम को दें तथा सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग कर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाने में भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!