लंबित राजस्व मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में राजस्व वसूली, लंबित वादों, खाद्यान्न वितरण व्यवस्था और विभागीय प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने लंबित राजस्व मामलों की नियमित सुनवाई कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। समीक्षा में बताया गया कि जून में आबकारी विभाग ने 92 छापेमारी कर 9 प्रकरण दर्ज किए और एक वाहन सीज किया। वहीं परिवहन विभाग ने 1,638 चालान किए। जिलाधिकारी ने प्रवर्तन अभियान तेज करने, लंबित मामलों की प्रभावी पैरवी, क्षतिग्रस्त पटवारी चौकियों की शीघ्र मरम्मत तथा खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
