गुरु पूर्णिमा पर गुरुद्वारे में सजा विशेष दीवान, संगत ने लिया आशीर्वाद

हरिद्वार। कनखल स्थित निर्मल संतपुरा गुरुद्वारे में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विशेष दीवान सजाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगत ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इस दौरान अखंड पाठ की समाप्ति, सुखमनी साहिब का पाठ तथा भाई निकुल सिंह, भाई हरि सिंह, भाई साहिब सिंह और हरजीत कौर द्वारा शबद कीर्तन प्रस्तुत किया गया। संत बाबा जगजीत सिंह शास्त्री ने गुरु महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि गुरु जीवन से विकारों का नाश कर सत्य का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने गुरु नानक देव से गुरु गोबिंद सिंह तक की शिक्षाओं को अपनाने, प्रभु नाम का सिमरन करने तथा माता-पिता और गुरु की सेवा का संदेश दिया। इस अवसर पर संत तरलोचन सिंह सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

भारतीय संस्कृति का अत्यंत पवित्र पर्व है गुरु पूर्णिमा
हरिद्वार। भूपतवाला स्थित ओम मुरारी आश्रम में गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। उत्तराखंड, यूपी, पंजाब व हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने ब्रह्मलीन संत निजानंद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। दो दिवसीय आयोजन में रामायण पाठ, हवन एवं पूजन संपन्न हुआ। स्वामी रामविशाल दास ने कहा कि गुरु व्यक्ति के जीवन का निर्माण कर उसे धर्म, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

गुरु पूर्णिमा पर संत समाज को मुख्यमंत्री का संदेश
चमोली। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जनपद चमोली के प्रमुख मंदिरों में पुजारियों, गुरुओं, मठाधीशों और संत-महात्माओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का शुभकामना संदेश एवं शिष्टाचार भेंट प्रदान की गई। संत समाज ने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए मुख्यमंत्री के जनकल्याणकारी प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में गुरु परंपरा को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए संत-महात्माओं के आशीर्वाद को समाज और प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने भी जनपदवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं।

गुरुपूर्णिमा पर डीएम ने संतों को सौंपा मुख्यमंत्री का संदेश
टिहरी। गुरुपूर्णिमा के अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने अखिल विश्व गायत्री परिवार शक्तिपीठ में आयोजित कार्यक्रम में संतों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का शुभकामना संदेश एवं उत्तराखंड के जैविक उत्पाद भेंट किए। उन्होंने कहा कि गुरु जीवन को सही दिशा देने वाले होते हैं और उनके आदर्शों पर चलकर ही सशक्त समाज एवं राष्ट्र का निर्माण संभव है। जिलाधिकारी ने बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने और समाजहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

गुरुपूर्णिमा पर डीएम ने स्वामी धर्मानन्द का किया सम्मान
रुद्रप्रयाग। गुरुपूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा से आयोजित संत सम्मान कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने रुद्रनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर पूज्य स्वामी धर्मानन्द महाराज को अंगवस्त्र एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि संत समाज का मार्गदर्शन समाज को सकारात्मक दिशा देता है तथा सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं के संरक्षण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वामी धर्मानन्द महाराज ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर विकास की कामना की तथा जनकल्याण और सांस्कृतिक संरक्षण के प्रयासों की सराहना की।
