ताड़ीखेत में आयोजित हुआ लखपति दीदी योजना समारोह

रानीखेत। ताड़ीखेत में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा आयोजित ’’लखपति दीदी योजना समारोह’’ में मुख्य अतिथि विधायक ’’डॉ. प्रमोद नैनवाल’’ ने कहा कि सरकार की लखपति दीदी योजना ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की वार्षिक आय कम से कम एक लाख रुपये तक पहुंचाना है। राज्य में अब तक करीब ’’1.75 लाख महिलाएं’’ लखपति दीदी बन चुकी हैं, जबकि चालू वित्तीय वर्ष में ’’2.5 लाख महिलाओं’’ को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
विधायक ने कहा कि वर्ष 2022 में शुरू की गई इस योजना से महिलाओं की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने महिला उत्थान और सम्मान के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी तथा कार्यक्रम के अंत में लखपति दीदियों को सम्मानित किया। समारोह में महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री विमला रावत, दर्जा राज्य मंत्री कैलाश पंत, जिला अध्यक्ष हेमा नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।
