दवा दुकानों पर प्रशासन की कार्रवाई, दो मेडिकल स्टोरों का संचालन रोका

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर लम्बगांव क्षेत्र में दवा दुकानों का संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया गया। वरिष्ठ औषधि निरीक्षक सी.पी. नेगी, औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा और पुलिस टीम ने औषधि प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी व्यवस्था, दवा क्रय-विक्रय अभिलेख, भंडारण और अन्य वैधानिक दस्तावेजों की जांच की। निरीक्षण के दौरान दो मेडिकल स्टोरों में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उनके दवा क्रय-विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी गई और नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई। अन्य दुकानों में मिली कमियों पर कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय में सुधार के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने कहा कि जनहित में औषधियों की गुणवत्ता और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
