बहुगुणानगर के 35 से अधिक परिवार विस्थापन को तैयार

चमोली। कर्णप्रयाग के आपदा प्रभावित बहुगुणानगर और सुभाष नगर क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने प्रभावित परिवारों से संवाद किया और पुनर्वास, मुआवजा तथा सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों के अनुसार बहुगुणानगर में 38 परिवारों के 39 भवन प्रभावित हैं, जबकि 35 से अधिक परिवारों ने स्वैच्छिक विस्थापन के लिए सहमति दे दी है। जिलाधिकारी ने विस्थापन संबंधी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने और जरूरतमंद परिवारों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर भी जोर दिया। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और बंद स्क्रबर तत्काल खोलने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र को दीर्घकालिक सुरक्षा मिल सके।
पेयजल योजना का डीएम ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश
चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अमृत 2.0 योजना के तहत निर्माणाधीन कर्णप्रयाग पेयजल योजना का रिठोली-सुंदरखाल मोटर मार्ग पर स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूरा करने और व्यक्तिगत पेयजल कनेक्शन का कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता जल निगम अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि 27.39 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। अगस्त 2025 में शुरू हुई योजना को फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। परियोजना के तहत पिंडर नदी से लिफ्ट प्रणाली के माध्यम से पानी मुख्य टैंकों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे कर्णप्रयाग क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी।
