कांवड़ यात्रा मार्ग पर लंगरों की जांच, 15 खाद्य नमूने लैब भेजे

टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर संचालित लंगर भंडारों का आकस्मिक निरीक्षण किया। अभियान का उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना है।
निरीक्षण के दौरान नागणी, ताछला और फकोट स्थित लंगरों का खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत निरीक्षण किया गया। लंगर संचालकों को ताजा एवं स्वच्छ भोजन परोसने, कृत्रिम एवं हानिकारक खाद्य रंगों का प्रयोग न करने और सभी खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने मिठाई, मठरी, बालूशाही, बर्फी, चावल, आटा और बेसन सहित कुल 15 खाद्य नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। निरीक्षण दल में सहायक आयुक्त (खाद्य) प्रमोद रावत और खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत चौहान शामिल रहे। विभाग ने बताया कि ऐसे निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
