दूरसंचार सेवाओं की समीक्षा में नेटवर्क समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने जिला स्तरीय दूरसंचार समिति की बैठक में जनपद की दूरसंचार एवं इंटरनेट सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नेटवर्क संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीएसएनएल से 4जी सैचुरेशन और कार्यशील ओएलटी वाली ग्राम पंचायतों की सूची उपलब्ध कराने को कहा। बीएसएनएल ने बताया कि 45 विद्यालयों में इंटरनेट सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। जियो प्रतिनिधियों ने सभी साइटों के सुचारु संचालन की जानकारी देते हुए चंबा क्षेत्र में फाइबर समस्या के समाधान के लिए विशेष टीम तैनात होने की बात कही। जिलाधिकारी ने शिकायतों के त्वरित निस्तारण, तकनीकी खामियों को शीघ्र दूर करने तथा संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बीएसएनएल, जियो और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
