प्रवासी पंचायत में स्थानीय रोजगार और स्वरोजगार पर हुआ मंथन

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर विकास भवन सभागार में आयोजित प्रवासी पंचायत-2026 में स्थानीय रोजगार, स्वरोजगार और ग्रामीण विकास को लेकर व्यापक चर्चा हुई। राज्य पलायन निवारण आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. शरद सिंह नेगी ने कहा कि कृषि, बागवानी, पशुपालन, मशरूम उत्पादन, जैविक खेती और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा देकर गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं, जिससे पलायन पर प्रभावी रोक लगेगी। उन्होंने रिवर्स पलायन कर स्वरोजगार अपनाने वाले काश्तकारों को सम्मानित करते हुए उनके प्रयासों को प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम में प्रवासियों, उद्यमियों और किसानों ने अपने अनुभव साझा किए तथा स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग, विपणन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर सुझाव दिए। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता और स्थायी रोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है।
