कांवड़ मेले में 550 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात, सुरक्षा रहेगी कड़ी

टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। श्रावण मास कांवड़ मेला-2026 के सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए टिहरी पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग करते हुए सेवा, सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार किया जाए, जबकि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मेला क्षेत्र में 550 से अधिक पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, पीआरडी और अन्य सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 12 पार्किंग स्थल, 5 खोया-पाया केंद्र और एक पूछताछ केंद्र स्थापित किया गया है। 68 सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन, मोबाइल पुलिस पार्टियों, एसडीआरएफ, जल पुलिस और साइबर मॉनिटरिंग टीम के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। एसएसपी ने कहा कि टिहरी पुलिस का लक्ष्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुव्यवस्थित यात्रा का अनुभव कराना है।
