कांवड़ मेले के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह तैयार, पहली बार तैनात होंगे साइबर कमांडो

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और हरिद्वार पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मेले की व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी दी। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल और वरिष्ठ पत्रकार कौशल सिखोला भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि कांवड़ मेले के लिए सभी विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और सेक्टरवार अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इस बार मानसून, राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्माण कार्य और कुंभ-2027 की तैयारियों के चलते अतिरिक्त चुनौतियां हैं, लेकिन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने, दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने तथा नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं। 30 जुलाई से 11 अगस्त तक विद्यालयों में अवकाश रहेगा और विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी। साथ ही अतिक्रमण हटाओ अभियान भी तेज किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि बदलते स्वरूप के अनुरूप इस बार मेले की सुरक्षा व्यवस्था को और आधुनिक बनाया गया है। पहली बार साइबर कमांडो तैनात किए जाएंगे, जो सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखेंगे। भ्रामक, फर्जी और एआई जनरेटेड वीडियो पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी ताकि अफवाहों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। उन्होंने बताया कि डीजे वाहनों के लिए निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
एसएसपी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को यात्रा मार्ग से अलग रखा जाएगा, जबकि श्रद्धालु मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे का उपयोग करेंगे। इसके लिए संबंधित राज्यों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि मेले की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए अन्य जनपदों से अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। संवाद कार्यक्रम में पत्रकारों के प्रश्नों का जिलाधिकारी और एसएसपी ने विस्तार से उत्तर दिया। अंत में प्रेस क्लब की ओर से दोनों अधिकारियों को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
