27वां इंस्टालेशन समारोह संपन्न, नई कार्यकारिणी ने संभाला दायित्व

श्रीनगर गढ़वाल। रोटरी क्लब श्रीनगर गढ़वाल का 27वां इंस्टालेशन समारोह अदिति पैलेस में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह में समाज, शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया तथा नई कार्यकारिणी ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. पायल गौड़ ने कहा कि वर्ष 2026-27 की थीम ’क्रिएट लास्टिंग इम्पैक्ट’ के अनुरूप समाज पर दीर्घकालिक प्रभाव डालने वाले सेवा प्रकल्प संचालित किए जाएंगे। विशिष्ट अतिथि प्रो. पी.वी.बी. सुब्रमण्यम ने युवाओं को नशे से बचाने के लिए सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भूमिका पर बल दिया।
समारोह में साहित्यकार डॉ. विष्णु दत्त कुकरेती एवं डॉ. वीरेंद्र सिंह बर्त्वाल को रोटरी वोकेशनल एक्सीलेंस अवार्ड-2026 तथा आईआईटी जैम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली साक्षी निजवाल को रोटरी एकेडेमिक एक्सीलेंस अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया। निवर्तमान अध्यक्ष हिमांशु अग्रवाल ने नव निर्वाचित अध्यक्ष अनिल ढौंडियाल को पदभार सौंपा। सचिव डॉ. हरीश भट्ट ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और युवा सशक्तिकरण से जुड़े सेवा कार्यों की आगामी रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर तीन नए सदस्यों ने रोटरी परिवार की सदस्यता ग्रहण की तथा विभिन्न समाजसेवियों और सहयोगी संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया।
