मंत्री धन सिंह रावत का पुतला फूंका

देहरादून। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) में पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में नंदा की चौकी से विश्वविद्यालय परिसर तक जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। विश्वविद्यालय गेट पर प्रदर्शनकारियों ने तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने युवाओं का भविष्य संकट में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं और शैक्षणिक संस्थानों में पारदर्शिता का अभाव है, जिससे छात्रों का परीक्षा व्यवस्था पर विश्वास कमजोर हुआ है। उन्होंने मामले की न्यायिक जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज करेगी।

प्रीतम सिंह ने कहा कि नीट, यूकेएसएसएससी और अब तकनीकी विश्वविद्यालय के पेपर लीक मामलों ने लाखों छात्रों और अभिभावकों का भरोसा तोड़ा है। वहीं डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि वर्षों की मेहनत से परीक्षा की तैयारी करने वाले युवाओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जा सकता और सरकार को मजबूत एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करनी चाहिए।
प्रदर्शन के बाद पुलिस ने गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत सहित कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर सुद्धोवाला जेल भेजा, जहां बाद में सभी को रिहा कर दिया गया। प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
