रेशम उत्पादन की वर्तमान स्थिति आंकलन के लिए बनेगी 5 वर्षीय कार्ययोजना

देहरादून। केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय रेशम बोर्ड द्वारा मेरा रेशम मेरा अभिमान 2.0 अभियान के तहत देहरादून में जिला हितधारक परामर्श बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में रेशम उत्पादन की वर्तमान स्थिति का आकलन, चुनौतियों की पहचान तथा हितधारकों के सुझावों के आधार पर पांच वर्षीय जिला कार्ययोजना तैयार करना रहा। कार्यक्रम में रेशम निदेशक प्रदीप कुमार, केंद्रीय रेशम बोर्ड के निदेशक डॉ. पंकज तिवारी सहित वैज्ञानिकों और विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में रेशमकीट पालकों, रीलरों और बुनकरों ने गुणवत्तापूर्ण बीज, शहतूत उत्पादन, तकनीकी हस्तांतरण, प्रशिक्षण, उत्पादकता बढ़ाने, मूल्य संवर्धन और विपणन से जुड़े सुझाव दिए। अधिकारियों ने कहा कि बेहतर समन्वय और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से रेशम उत्पादकों की आय बढ़ाने तथा जिले में रेशम उत्पादन को अधिक व्यवस्थित और टिकाऊ बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
